पुलिस परिवार के चार वर्ष के मासूम की हत्या गला दबाकर की गई थी। लाल साड़ी पहने महिला ने दोपहर के वक्त कुआनो नदी में फेंका। प्रत्यक्षदर्शी से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से इसकी पुष्टि हो चुकी है। शुक्रवार को भ्रम बना हुआ था कि कहीं ऐसा तो नहीं कि नदी में उसे जिंदा फेंक दिया गया हो। लेकिन असल सवाल अभी ज्यों का त्यों बना हुआ है कि आखिर चार साल के मासूम ने किसकेे साथ ऐसा गुनाह कर दिया कि उसने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। उधर, पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
सर्विलांस सेल में तैनान गोरखपुर जिले के उरुआ थानाक्षेत्र के देवराजपार निवासी सिपाही जनार्दन प्रजापति के चार साल के बेटे कृष्णा उर्फ आयुष की शुक्रवार को कुआनो में बहती लाश मिली। पिता जनार्दन ने उस समय अधिकारियों को बताया कि खेलते समय वह अचानक गायब हुआ। सर्विलांस के आरक्षी से जुड़ा होने की वजह से प्रथम दृष्ट्या पुलिस का शक हाल में जेल भेजे गए कुछ बदमाशों पर गया, जिन्हें सर्विलांस की मदद से ट्रैश किया था। इसके अलावा उसकी निजी जिंदगी की कुछ ऐसी घटनाओं को इस मर्डर से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें सबसे अहम उसके पहली पत्नी के रहस्यमय ढंग से मृत्यु को माना जा रहा है। चर्चा है कि जिससे इसने पहली शादी की थी वह इसकी सगी संबंधी थीं। इससे अवैध संबंध होने के बाद विवाह कर लिया था। कृष्णा के पैदा होने के करीब एक वर्ष बाद उसकी भी रहस्यमय मौत हो गई थी। बाद में दूसरी शादी की जिससे अर्जुन नाम का एक बेटा भी है। मामले में एसपी का कहना है कि पुख्ता प्रमाण मिल गए हैं जल्द ही खुलासा करेंगे।