वाल्टरगंज व पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र में ताबाड़तोड़ दो महिलाओं की चेन छीनकर स्नेचरों ने सनसनी फैला दी। पहली घटना पर ही अलर्ट होकर पुलिस ने चेकिंग शुरू कर दी। नतीजन कोतवाली पुलिस ने तीन में से दो बदमाशों को बड़ेवन ओवरब्रिज के नीचे बाइक समेत दबोच लिया। जबकि घटना को अंजाम देने वाले तीसरे की तलाश में टीमें लग गई हैं। सीओ सिटी एसएन सिंह का कहना है दो आरोपीयों को को बाइक के साथ पकड़ा गया है तीसरे आरोपी को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज कठौतिया निवासी धीरज की पत्नी पूनम बुधवार को अपने मायके वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के हर्दिया बिलोड़ी गांव जा रही थीं। दोपहर करीब एक बजे भिटिया चौराहे के पास किसी वाहन से उतर वह कुछ देर तक रिक्शे की तलाश करती रहीं। जब नहीं मिला तो पैदल आगे बढ़ने लगीं। कुछ दूर जाने पर बाइक सवार तीन युवक आ पहुंचे। उनमें से एक ने छपट्टा मारकर गले से मंगलसूत्र छीन लिया और हाईवे की ओर भाग निकले। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
वहां से भागे बदमाशों ने दूसरा शिकार पुरानी बस्ती के पांडेय बाजार में तेनुआ की रहने वाली अमरावती देवी को बनाया। दो अन्य महिलाओं के साथ इलाज कराने पांडेय बाजार आई अमरावती का भी चेन छीनकर जब बदमाश भागे तो पुलिस उनके पीछे लग गई। नाकाबंदी कर बिना नंबर की बाइक सवार दो बदमाशों को पकड़ लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार भिटिया में हुई वारदात की पीड़िता ने भी पकड़े गए बदमाशों की शिनाख्त की है। हालांकि अभी अधिकारी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहे।