बस्ती। रुधौली थाने में पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के दो मामले दर्ज किए हैं। ग्राम भरौली की रजनी सिंह पुत्री राजेश्वरी सिंह ने पुलिस को तहरीर दी कि उसकी शादी 28 जून 2012 को सिद्धार्थनगर के बांसी कोतवाली असनहरी के राजेश सिंह के साथ हुई थी। शादी में एक लाख नकद और सोने के जेवरात एवं गृहस्थी के सामान दिए गए थे।
पांच महीने बीतने के बाद उसके पति और जेठ जेठानी दहेज में दो लाख नकद और मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। लगातार उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। इससे क्षुब्ध होकर वह मायके चली आई। पति कुछ दिन बाद विदा कराकर ससुराल ले गये, पर उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। ससुराल वालों ने दो दिसंबर 2015 को सबेरे आठ बजे दहेज की मांग को लेकर मारा पीटा और घर से निकाल दिया। पुलिस ने राजेश, जेठ राजन पुत्र उग्रसेन तथा राजन की पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।
डुमरियागंज के विजवार बढ़ई निवासी वृजेश कुमार मिश्र ने तहरीर दी कि उनकी बेटी विंध्यवासिनी की शादी सुगिया के हेमंत दुबे से नौ मई 2014 को हुई थी। ससुराल पहुंचने के बाद से ही बेटी को दो लाख नकद दहेज के लिए सताने लगे। बहुत मान मनौवल के बाद भी नहीं माने और 18 मार्च 2016 को घर से मारपीट कर बाहर निकाल दिया। पुलिस ने हेमंत पुत्र अशोक, उर्मिला पत्नी अशोक, अशोक पुत्र उग्रनाथ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।