कप्तानगंज। थाना क्षेत्र के महुआ मिश्र गांव में शनिवार की देर शाम चोर चोर
की आवाज सुनकर घर से निकले एक व्यक्ति की रायफल से अचानक चली गोली से गांव
का एक किशोर के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में रविवार को दो लोगों
पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें एक सीआरपीएफ का जवान है तो दूसरा उसका
भतीजा।
शनिवार की देर शाम को कप्तानगंज थाना क्षेत्र के महुआ मिश्र
गांव में अचानक एक अपरिचित व्यक्ति के गांव में घुसने की सूचना पर पूरे
गांव में चोर-चोर का शोर होने पर गांव के गुल्लुर पुत्र रामनरायन लाइसेंसी
रायफल लेकर घर से निकले थे।
रायफल पहले से लोड थी। घर से निकलते ही
अचानक रायफल से गोली चल गई, जो गांव के ही एक 12 वर्षीय किशोर उत्तम पुत्र
गयादीन को लग गई। घर के लोगों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया था। जहां पर
डाक्टरों ने उसे मेडिकल कालेज लखनऊ रेफर कर दिया था।
रविवार को एसओ
कप्तानगंज बृजेश कुमार यादव ने खुद पार्टी बनकर इस मामले में मुकदमा दर्ज
कराया। उनकी तहरीर पर रायफल के लाइसेंसी सीआरपीएफ जवान प्रेमनरायन और उनके
भतीजे गुल्लुर के विरुद्ध आईपीसी और आर्म्स एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज
किया गया है।