गायघाट। कलवारी थाना क्षेत्र के बहडिला निवासी छोटेलाल यादव की ट्रैक्टर के नीचे दबकर मृत्यु हो गई। माझा से ट्रैक्टर-ट्राली पर खर लादकर बंधे पर चढ़ा रहे थे, तभी गाड़ी असंतुलित हो गई। बंधे की ढलान पर पीछेे सरकते जाकर ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। घटना से आसपास कोहराम मच गया।
बृहस्पतिवार की शाम सात बजे छोटे लाल यादव अपनी ट्रैक्टर-ट्राली से माझा में खर लाने गए थे। वापस लौटते समय जितुआपुर के पास बंधे पर गाड़ी चढ़ाने लगे। तभी संतुलन बिगड़ गया। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। छोटेलाल के माता पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। चार भाइयों में सबसे छोटे वह भाइयों से अलग रहते थे। बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। शुक्रवार देर शाम सरयू नदी के तट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ट्रक की ठोकर से घायल की मौत
हर्रैया। हाइवे पर हुई दुर्घटना में 40 वर्षीय बाइक सवार की मृत्यु हो गई। हर्रैया क्षेत्र के मुसहा निवासी रामचंद्र यादव शुक्रवार को साढ़े चार बजे के आसपास भदावल पेट्रोलपंप पर डीजल लेने गए थे। लौटते समय फैजाबाद की ओर से आए ट्रक ने चपेट में ले लिया, जिससे वह रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सड़क पर खड़े रोलर से टकराई रोडवेज बस
हर्रैया। शुक्रवार दोपहर हाइवे पर संसारीपुर गांव के पास गोरखपुर जा रही आलमबाग डिपो की बस ओवरटेक करने के दौरान सड़क के किनारे खड़े रोलर से टकरा गई। दुर्घटना में बस चालक पान दरीबा निवासी हरि प्रसाद को गंभीर चोटें आई है साथ ही कुछ सवारियों को भी हल्की चोट लगी है।
गंभीर रूप से घायल चालक को कप्तानगंज सीएचसी ले जाया गया। जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब बस दुर्घटनाग्रस्त हुई तब जोरदार बारिश हो रही थी जिसके कारण चालक सड़क पर खड़े रोलर को ठीक से देख नहीं सका। दुर्घटना में किसी ने तहरीर नहीं दी है। बस दुर्घटना के बाद अन्य सभी सवारियों को दूसरी बस से गोरखपुर के लिए भेज दिया गया। जिला अस्पताल में चालक का इलाज चल रहा है।