कोतवाली थानाक्षेत्र के सेंट बेसिल्स स्कूल के पास स्थित खीरीघाट भटोलवा मोहल्ले में चोरों ने सूनसान घर को निशाना बनाया। पूर्वांचल बैंक की मनकापुर शाखा के मैनेजर महेशचंद्र के घर में घुसकर चोरों ने आलमारी-संदूक में रखे कीमती जेवर, कपड़े व अन्य महंगे सामान के अलावा 60 हजार नकदी चुरा लिए। बुधवार को रिश्तेदारी से लौटकर आने पर परिवार के लोगों ने घर की दशा देखी तो उनके पैरों तले जमीन सरक गई। सौ नंबर के जरिए पुलिस को खबर की गई।
पुलिस को दी तहरीर में महेशचंद्र ने बताया कि मंगलवार को वह परिवार सहित गोरखपुर भतीजे के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। लौटकर आने पर जब कमरेे के पास पहुंचे तो कुंडी टूटी देख चौंक गए। अंदर कमरे में रखी आलमारी, संदूक में रखे कुछ कपड़े व सामान कमरे में बिखरे पड़े मिले। इसकी सूचना उन्होंने सौ नंबर के जरिए पुलिस को दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घटना की तफ्तीश की।