परशुरामपुर/बस्ती। लगातार दूसरी रात चोरों ने क्षेत्र में उत्पात मचाया। बृहस्पतिवार की रात तीन किलोमीटर के दायरे के चार गांवों में चोरों ने घटनाओं को अ़ंजाम दिया। एक जगह गृहस्वामी से मारपीट की तो एक जगह पीछा कर रहे युवक पर रॉड से प्रहार किया। घटनाओं को लेकर गांववालों में दहशत होने के साथ ही पुलिस के प्रति गुस्सा भी है।
भाटिनिया के राजमणि तिवारी के घर चोर घर से सटे आम के पेड़ के सहारे छत पर पहुंचे। वहां से आंगन में उतरकर कमरे में सो रहे उनके पुत्र निराला के कमरे में पहुंचे। आहट से उन्हें लगा कि कोई उनका मोबाइल निकाल रहा है। घबराहट में शोर मचाने लगे तो चोरों ने उन्हें पीट दिया। इसी बीच बगल के कमरे में सोए उनके भाई गौतम निकले तो उन्हें भी पीटा। दोनों भाइयों के लहूलुहान होने पर उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार के मुखिया राजमणि ने पुलिस को बताया कि उनके घर से पांच बॉक्स चुराए गए। इनमें सभी महिलाओं के जेवरात और 15 हजार रुपये नकद थे। सभी बॉक्स खाली करके गांव के बाहर खेत में फेंके मिले।
भाटिनिया के पास ही स्थित अमौली में रोजन उर्फ शिब्बू बाबा के घर में छज्जे के रास्ते चोर छत पर चढ़े। सीढ़ी के रास्ते घर में उतर गए। जहां रखी दो महिलाओं के जेवरात, एक सेट मोबाइल के अलावा एक लाख रुपये चुरा ले गए। सौ नंबर पर सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस बीच पड़ोस के सेवरा निवासी मोहित पांडेय के घर में पीछे के रास्ते घुसकर चोरों ने आलमारी तोड़ दी। इसमें रखे जेवरात और सात हजार रुपये नकद उठा ले गए। आहट से मोहित के पुत्र सुनील जाग गए और शोर मचाते पीछा किया तो चोरों ने रॉड से पैर में प्रहार कर दिया। इससे वह घायल होकर गिर गए और चोर सामान लेकर फरार हो गए। इस गांव से सटे सेवरापट्टी के राम मुनीजर वर्मा का परिवार घर में ताला लगाकर बाहर सो रहा था। चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे लेकिन उनके हाथ कुछ खास नहीं लगा। राम मुनीजर के अनुसार लगातार चोरी की घटनाओं को देखते हुए उसने घर का कीमती सामान सुरक्षित कर लिया था।
फोरेंसिक टीम हैरान
लगातार हो रही चोरियों से परेशान पुलिस की फोरेंसिक टीम शुक्रवार को परशुरामपुर पहुंची। जिन गांवों में घटना हुई, वहां का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक परशुरामपुर रमेश का कहना है कि सभी मुकदमे दर्ज कर जल्द पर्दाफाश किया जाएगा।
छावनी के दो गांवों में चोरों का उत्पात
विक्रमजोत।
छावनी थाना क्षेत्र के दो गांवों में बृहस्पतिवार आधी रात चोरों आधा दर्जन घरों को निशाना बनाया। चोर नकदी, जेवरात आदि महंगे सामान समेट कर चंपत हो गए। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है।
क्षेत्र के पैतेपुर गांव में अजीत पुत्र भगवती प्रसाद के घर में नकब काटकर घुसे चोरों ने पांच हजार नकद व पॉजेब, नथुनी, झुमकी, अंगूठी, माला आदि गहने उठा ले गए। जबकि इसी गांव के उमेश कुमार पुत्र शिव मंगल सिंह के घर में खिड़की का ग्रिल तोड़कर अंदर पहुंचे बदमाशों की आहट और सामान गिरने से परिवार के लोगों की आंख खुल गई। शोर मचाने पर भाग निकले लेकिन तब तक 10 हजार रुपये चोरों के हाथ लग चुके थे। इसी तरह क्षेत्र के अकवारा गांव के मोहम्मद इब्राहिम के घर के लोग सोए थे कि छत के रास्ते घर में घुसे चोर बॉक्स और अटैची से जेेवरात और नकदी लेकर चलते बने। इसी रात इसी गांव के राम केवल पुत्र राम दुलारे के घर में भी छत के रास्ते घुसकर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। अकवारा के दो और घर में भी चोरों ने उत्पात मचाया। मुहर्रम अली व फूल चन्द्र पुत्र सुमेरे के घर में लगा दरवाजा तोड़ दिए। खटपट की आवाज पर परिवार के लोग जाग गए। लोगों के शोरगुल पर गांव के लोग जुटे लेकिन चोर भाग निकले। दोनों गांवों के पीड़ितों ने शुक्रवार सुबह छावनी थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। इस संबंध में थानाध्यक्ष छावनी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दो गांवों में चोरी की वारदात हुई है। पुलिस पहुंच कर मामले की जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले में जल्द ही खुलासा किया जाएगा ।