अहरौरा। खनन पट्टा के सीमा विवाद में पट्टाधारक द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत किया गया तो जिला प्रशासन हरकत में आया । शुक्रवार की शाम एसडीएम चुनार के नेतृत्व में खनन विभाग,राजस्व व पुलिस ने धुरिया गांव स्थित पहाड़ का निरीक्षण किया । इसी दौरान ओवरलोड गिट्टी लादकर जा रही दो ट्रकों को पकड़कर सीज करते हुए परिवहन विभाग को सौंप दिया । खनन,परिवहन,राजस्व,व पुलिस की टीम क्षेत्र में एक साथ होने की वजह से पत्थर व्यवसाइयों में हडकंप मचा रहा ।
एसडीएम चुनार अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि क्षेत्र के धुरिया गांव में स्थित एक पहाड़ पर खनन को लेकर कई दिनों से सीमा का विवाद चल रहा था जिसमें कुसुम लता के नाम से सवा एकड़ का लीज है । कुसुमलता अपने बगल के ही दूसरे पट्टाधारक के विरुद्ध उसके द्वारा लीज पर लिए गए खनन क्षेत्र में खनन करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत किया गया था। कि जबरन उसके लीज से खनन व परिवहन किया गया है लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने की वजह से पट्टाधारक कुसुम लता ने मुख्यमंत्री जनशिकायत पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराया था। जिसे जिला प्रशासन गंभीरता से लेते हुए वाद के निस्तारण के लिए मौके पर एसडीएम चुनार अविनाश त्रिपाठी के नेतृत्व में खान अधिकारी आर बी सिंह व खनन सर्वेयर व राजस्व और पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंच कर निरीक्षण किया। एसडीएम अविनाश त्रिपाठी द्वारा क्षेत्रीय लेखपाल और सर्वेयर को निर्देश दिया गया कि दो दिन के भीतर पट्टास्थल का सीमांकन कर मामले का निस्तारण कराते हुए रिपोर्ट सौंपे । निरीक्षण के दौरान ही दो ओवरलोड ट्रक गिट्टी लादकर जा रही थी जिसे पकड़कर पुलिस को सौंपते हुए एआरटिओ को बुला लिया और क्षेत्र की सड़कों पर चल रहे ओवरलोड गाड़ियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया ।