गाधी नगर के कपड़ा व्यापारी के घर पर इनकम टैक्स की टीम का छापा।
शहर के कपड़ा व्यापारी व ठेकेदार और पूर्व कैबिनेट मंत्री के करीबी केके गुप्ता किस्सू के ठिकानों पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने 19 घंटे तक जांच-पड़ताल की। आयकर विभाग की वाराणसी और इलाहाबाद की टीमों के देखरेख में व्यापारी के घर व प्रतिष्ठान पर टीमों की बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से छानबीन शुरू हुई थी। आधी रात करीब दो बजे के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई पूरी की।
आयकर जांच शाखा के असिस्टेंट डायरेक्टर जीआर निर्वाण, वंशीलाल व गोरखपुर के आयकर अपर आयुक्त अजय कुमार शुक्ला के समन्वय में सुबह तक चली इस जांच को लेकर लोगों में कौतूहल चरम पर रहा। इस दौरान तमाम बेनामी संपत्तियों, फर्मों आदि से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात, बही-खाते, बैंक पासबुक, प्रापर्टी व जमीन जायदाद के कागजात आदि सील करके अधिकारी साथ ले गए।
माना जा रहा है कि आवासीय और कारोबारी परिसर से जरूरी जानकारी और रिकॉर्ड जुटाने के बाद टीमें बैंकों में जमा नकदी व लॉकर की भी पड़ताल करेंगी। इस बीच खबर है कि उच्चाधिकारी शनिवार को लखनऊ में छापे की पूरी कार्रवाई का ब्योरा देंगे। बता दें कि बृहस्पतिवार को सुबह गांधीनगर स्थित मैसर्स शुकदेव प्रसाद गिरधारी लाल पूनम हौजरी व फर्म स्वामी केके गुप्ता के मालवीय रोड स्थित आवास पर एक साथ आयकर अधिकारियों ने छापा डाला। इस बीच किसी को परिसर में दाखिले अथवा बाहर निकलने की छूट नहीं दी गई।
नामचीन कारोबारी के ठिकानों पर छापे की सूचना फैलने के साथ शहर के तमाम लोग जुटते रहे। इसके चलते कई दफा वहां मौजूद लोगों को तितर-बितर करने के लिए बाहर मुस्तैद पुलिस वालों को सख्ती करनी पड़ी।