मिश्रिख कोतवाली इलाके में एक डीसीएम की टक्कर से जहां किशोर की मौत हो गई, वहीं महमूदाबाद क्षेत्र में बाइक अनियंत्रित होने से चालक की गिरकर मौत हो गई। दोनों घटनाओं में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिश्रिख कोतवाली इलाके के दौलतपुर गांव निवासी पिंकू (17) पुत्र राम औतार शुक्रवार की शाम पैदल ही क्षेत्र के जोतपुर गांव के पास जा रहा था। इस दौरान एक तेज रफ्तार डीसीएम ने उसे टक्कर मार दी। जिससे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक मय वाहन भाग निकला। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर रघुवीर सिंह का कहना है कि डीसीएम का पता लगाया जा रहा है। मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र के पालिका वार्ड पैगंबरपुर निवासी मनोज कुमार (30) पुत्र राम खेलावन लोध गल्ला मंडी स्थित साजिद की सब्जी आढ़त पर मजदूरी करता था। मनोज के भाई सरोज ने बताया कि शुक्रवार मनोज प्लेटिना बाइक से सिधौली की ओर जा रहा था।
जब वह मदारीपुर गांव के समीप पहुंचा, तभी तेज गति के कारण बाइक से गिर गया। उसके सिर के दाहिनी ओर गहरी चोट आई जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मृतक हेलमेट नहीं पहने था। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।