भानपुर। मंगनी होने के बाद विवाह की तारीख भी तय निर्धारित कर दी गई। अचानक मंगेतर ने शादी से इन्कार कर दिया। इससे आहत युवती ने मंगलवार को जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर जानकारी हुई तो आनन-फानन घरवालों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
घटना सोनहा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। गांव की युवती का विवाह परिवार वालों की मर्जी से एक सजातीय युवक से तय है। शादी जून में होनी है। लड़की सुंदर और सुशील भी है। मंगेतर से मोबाइल पर आएदिन बात भी होती रहती है। दोनों पक्ष शादी की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन अचानक मंगेतर ने किसी बात से नाराज होकर युवती से शादी न करने की बात कह डाली। इससे आहत युवती घर में रखा सब्जी पर छिड़का जाने वाला कीटनाशक निगल गई। मंगेतर की ओर से कही गई बात ने युवती के जीवन को संकट में डाल दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानपुर के डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, जहां इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक अब खतरे से बाहर है। लोगों का कहना है कि अगर लड़के को शादी नहीं करनी थी तो वह दिन तारीख तय होने से पहले भी मना कर सकता था। परिवार वालों ने पुलिस को भी सूचित नहीं किया है। अस्पताल कर्मियों के मुताबिक इलाज के पहले सोनहा पुलिस को घटना की जानकारी दी गई है।