बस्ती। जिले के 10 लोगों पर शनिवार का दिन भारी पड़ा। अज्ञात कारणों से नगर थाना क्षेत्र में विवाहिता और छावनी में युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी। वाल्टरगंज क्षेत्र में कुएं में गिरने से एक की जान चली गई। कलवारी के रामजानकी मार्ग पर हादसे में युवक की मौत हो गई जबकि रुधौली क्षेत्र में मायके जा रही महिला की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। विक्रमजोत में खेत में आग जलाकर खर पतवार नष्ट कर रहे बुजुर्ग किसान की झुलसने से जान चली गई। गायघाट क्षेत्र में टहलने निकले युवक की लाश मिली। अन्य कारणों से तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
फंदा लगाने से विवाहिता की मौत
नगर बाजार। नगर थाना क्षेत्र के ग्राम पोखरनी में 30वर्षीय उर्मिला पत्नी परशुराम ने अज्ञात कारणों से फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस के पहुंचने से पहले पति ने फंदा काटकर शव को उतार कर कमरे में रख दिया था। इससे तरह तरह की चर्चाएं भी हैं। पति परशुराम ने बताया कि पिता पतिराम लकवा रोग से ग्रस्त हैं। शुक्रवार शाम मछली खाने की इच्छा जताई जो कि पत्नी को नागवार गुजरी। लेकिन बाजार से मछली ले आया। इससे नाराज होकर उर्मिला न खुद खाना खाई और न ही बच्चों को खिलाई। सुबह जब काम पर गया तो कुछ ही देर बाद मां ने बताया कि बहू ने दरवाजा बंद कर रखा है जबकि बच्चा रो रहा है। दौड़कर घर में पहुंचा और किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर गया तो पत्नी की लाश छत की कुंडी से साड़ी के फंदे के सहारे लटक रही थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
युवक फंदे से लटका, मौत
विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के अमोढ़ा के सोनहवा टोला निवासी लल्लन (38 वर्ष) का शव शुक्रवार रात घर के दलान में बड़ेर से लटका मिला। उसने साड़ी का फंदा लगाया था। रात करीब 11बजे जब पत्नी सरोज घर से बाहर निकली तो पति की हालत देखकर चीख पड़ी। जोर से चिल्लाने पर देवर सहित पूरा परिवार जाग गया। जल्द से साड़ी के फंदे को काट कर नीचे उतारा और 108 एंबुलेंस को बुलाया लेकिन मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी छावनी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फंदा लगाने की सूचना पर जुटे लोग भी दंग रह गए। परिवार वालों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से कोई वाद-विवाद भी नहीं हुआ था। पता नहीं क्यों ऐसा कदम उठाया। पुलिस ने हत्या या आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि है कि खुदकुशी करने का मामला लग रहा है। लल्लन के दो बेटे और दो बेटियां रोते-रोते बेसुध हो जा रहे थे। घर वालों के मुताबिक करीब नौ बजे पड़ोस के गांव से निमंत्रण से लौटे थे। पैर में हल्की चोट लगी थी। थके होने से दलान में सो गए।
टहलने निकले युवक की लाश मिली
गायघाट। कलवारी थाना क्षेत्र के पाऊं क़स्बे के चंद्रशेखर उर्फ बमबम (24) की शनिवार सुबह राम जानकी मार्ग के किनारे लाश मिली। परिजनों ने बताया कि भोर में टहलने निकले थे। कस्बे के उमाशंकर गुप्ता परिवार के साथ रहकर किराने की दुकान चलाते हैं। बड़ा बेटा अविनाश वायु सेना में अधिकारी है, छोटा देवेश लखनऊ में पढ़ रहा है। मझले बेटे चंद्रशेखर उर्फ बमबम ने फोटो कॉपी व ऑनलाइन आवेदन आदि की दुकान की थी। बमबम पिता के सहयोग में थे। व्यवहार और कार्यकुशलता की देन थी कि पिता का व्यवसाय को पिछले चार वर्षों में ऊंचाई पर पहुंचा गया। बमबम अभी अविवाहित थे। बगही के रामरूप भी मॉर्निंग वॉक पर निकले थे तभी काली मन्दिर के पास सड़क के किनारे पेट के बल पड़े देखा गया। वह नजदीक पहुंचे तो मुंह से झाग, नाक से खून व सिर पर हल्की चोट देखकर फोन से सूचना दी। पाऊ के कई लोग बमबम के घर वालों के साथ मौके पहुंचे। जिला अस्पताल ले गए जहां मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि बमबम को पहले से किसी भी प्रकार का कोई रोग नहीं था और न ही किसी प्रकार से किसी नशे की लत थी। किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं थी। लोग हार्ट अटैक से मौत की बात कह रहे हैं।
खेत की आग में वृद्ध की जलने से मौत
विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के खिदरीपुर में शनिवार दोपहर बुजुर्ग किसान खेत से खरपतवार जलाते समय आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए। लोगों के मुताबिक खिदरीपुर के निवासी जगजीवन (उम्र 62) अपने खेत में गेहूं बुआई के लिए साफ करने पहुंचे। खेत में उगे झाड़ और फैली पत्तियों को साफ करने के लिए आग लगा दी। धीरे-धीरे आग की लपटें बढ़ गईं। चारों तरफ आग फैलती देखकर बुझाने का प्रयास करने की कोशिश में वह खुद आग की लपटों से घिर गए। उम्र अधिक होने और तेज लपटों के चलते भाग नहीं सके। गंभीर रूप से झुलसकर खेत में ही गिर पड़े। जब परिवार के लोगों को जानकारी हुई और खेत पहुंचे तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। हादसे के बाद परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। जो भी कोई इस घटना को सुनता दंग रह जाता।
मायके जाते समय हादसे में महिला की मौत
रुधौली। नगर पंचायत के मठियावा तिराहे से आगे मंडी समिति के पास बाइक पर बैठ कर मायके की तरफ जा रही महिला की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। बाइक छोटा बेटा गुुफरान चला रहा था। परिवार वालों के मुताबिक बांके चोर बरगदवा की कबूल पत्नी सत्यम को सोमवार को मुंबई जाना था। जाने से पहले वह मायके में लोगों से मिलने के लिए निकली थीं। गुफरान के मुताबिक नगर पंचायत की मंडी समिति के पास पहुंचे ही थे कि अनियंत्रित होकर बाइक से गिर पड़ीं। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण आसपास के लोगों के सहयोग से तत्काल रुधौली सीएचसी पर पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मायका हनुमान गंज के पास हटवा में है।
कुएं में गिरने से ग्रामीण की मौत
सल्टौआ। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पचानू गांव में शनिवार शाम करीब चार बजे कुएं में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पचानू गांव के हरभजन (45) अपने घर के सामने कुएं के किनारे जैसे ही खड़े हुए कि अनियंत्रित हो कर वह गहरे कुएं में गिर गए। कुएं में तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। परिवार वालों के शोर मचाने पर गांव के अन्य लोग भी पहुंच गए। जब तक जुटकर लोग हरभजन को कुएं से बाहर निकाल पाते तब तक दम तोड़ चुके थे। जिसके कारण काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। हरभजन मुंबई में रहकर अपने परिवार का जीविकोपार्जन करता थे। अभी एक माह पहले ही घर आए थे। हरभजन के दो बेटे जगदीश (18), संदीप (16) शहर में रोजी रोटी के तलाश में अभी हैं। हादसे के बाद पत्नी चन्द्रकला (42) , संदीप, दीपक, सुंदरी का रो रो कर बुरा हाल है।
जहरीला पदार्थ खाने से युवक गंभीर
महराजगंज।कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बड़ोखर गांव में जहरीला पदार्थ खाने से युवक की हालत गंभीर हो गई है। पता चलने पर परिवार के लोग आनन फानन में अस्पताल ले गए। बताया जा रहा कि कल्पनाथ (35 वर्ष) शुक्रवार की देर रात घर पर ही जहरीला पदार्थ खा लिए। इसकी जानकारी परिवार वालों को तब हुई जब कुछ देर बाद में उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिवार के लोग आनन फानन में जिला अस्पताल ले गये लेकिन हालत में सुधार न होने के कारण डॉक्टर ने मेडिकल कालेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। जहां कल्पनाथ की हालत नाजुक बनी हुई है।
बाइक की टक्कर से युवक घायल
दुबौलिया। क्षेत्र के अखनपुर माझा निवासी रतिपाल (26 वर्ष) पुत्र बहादुर बाइक के चपेट में आने से घायल हो गए। शनिवार दोपहर में विशेषरगंज-रानीपुर मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। इससे उन्हें चोट लग गई। किसी की सूचना पर डॉयल 100 की टीम निजी अस्पताल में ले गई। जहां हालत गंभीर देख जिला अस्पताल भेज दिया।