परशुरामपुर थाना क्षेत्र के बेनीगंज गांव के पास सोमवार शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक व्यवसायी से असलहा सटाकर 20 हजार रुपये लूट लिए और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। सूचना मिलते ही परशुरामपुर और छावनी थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई।
थाना क्षेत्र के हैदराबाद निवासी रामा जायसवाल चौरी बाजार में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। सोमवार शाम को वह दुकान से वापस घर की ओर जा रहे थे कि शाम साढ़े सात बजे के करीब बेनीगंज गांव के पास एक सुनसान जगह पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
उनमें से एक ने असलहा निकाल रामा जायसवाल के सिर से सटा दिया। इसके बाद बदमाशों ने व्यवसायी के पास रखे 20 हजार रुपये लूट लिए और हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। घटना के बाद आसपास के लोग जुट गए। मामले की जानकारी परशुरामपुर पुलिस को मिलते ही जिले के सभी थानों के अलावा गोंडा जिले के नबाबगंज थाने को भी घटना की सूचना दे दी गई।
मौके पर पहुंचे एसओ परशुरामपुर एएन सिंह, एसओ छावनी दद्दन सिंह ने घटना के बारे में व्यवसायी रामा जायसवाल से पूछताछ की। घटना की खबर क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम को भी दे दी गई है। एएसपी रोहित मिश्र ने कहा कि मामले मेें पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए है, साथ ही जिले के सभी थानों को एलर्ट कर दिया गया है। बदमाशों के हुलिया और उनके वाहन आदि के बारे में जानकारी ली जा रही है। शाम को पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए है।