बस्ती। यूपी-100 वाहन के अंदर तंबाकू थूकने से मना करने पर भड़के दरोगा ने साथी सिपाहियों पर रिवाल्वर तान दी। अपशब्द कहते हुए दोनों आरक्षियों को रिवाल्वर लेकर धमकाता रहा।
होलेस्टर से असलहा निकाल कर बार-बार अर्दब में लेने का वीडियो वायरल होने से अधिकारियों की त्योरी चढ़ गई। बृहस्पतिवार को दोनों ने आरक्षी अपर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह के सामने पेश होकर आपबीती बताई। साथ ही पीआरवी-टू (पुलिस रेसक्यू वैन) पर तैनात दरोगा सीताराम यादव के खिलाफ तहरीर दी।
कोतवाली थाने से संबद्ध पीआरवी-टू (पुलिस रेसक्यू वैन) में दरोगा सीताराम यादव के अलावा आरक्षी पवन मौर्य और राहुल नंदन बुधवार रात भ्रमण पर थे। ड्यूटी के दौरान दरोगा बार-बार तंबाकू खाकर गाड़ी के फर्श पर ही थूकते रहे। जिसे लेकर राहुल नंदन और पवन ने बाहर थूकने को कहा तो वह आपा खो बैठा। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि संबंधित दरोगा और सिपाही को ड्यूटी से हटा दिया गया। सीओ सिटी पवन कुमार गौतम को जांच सौंपी गई है।