महराजगंज। द्वारपूजा में डीजे पर फरमाइशी गीत को लेकर बुधवार रात हर्रैया थानाक्षेत्र के लबदहिया में घरातियों और बारातियों में जमकर मारपीट हुई। इसके बाद बारातियों में भगदड़ मच गई। दूल्हे के परिवार के लोग बारात वापस ले जाने लगे। गांव के बुजुर्गों ने मान-मनौव्वल शुरू कर दी। पुलिस पहुंच गई और किसी तरह दोनों पक्षों को समझाकर शादी कराई। पांच बाराती चोटिल बताए जा रहे हैं।
कप्तानगंज के गढ़ा गौतम गांव के करन की शादी लबदहिया के गुरदीन की लड़की से तय थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात 11 बजे तक बाराती द्वार पूजा की तैयारी करते रहे। इसी बीच गांव के भी कुछ युवक वहां पहुंच गए। वे डीजे पर मनपसंद गाना बजाने की जिद करने लगे, बाराती गाना न बदलने पर अड़ गए। कहासुनी के बाद गांव वालों ने बारातियों पर हमला बोल दिया। बृजलाल, सुनील कुमार, अंगद कुमार, धीरेंद्र कुमार निवासी गढ़हा गौतम, पंकज कुमार बेलवाडाड़ कलवारी चोटहिल हुए। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि समझाकर शादी राई गई। किसी पक्ष ने प्रार्थनापत्र नहीं दिया है।