राह चलती महिलाओं/लड़कियों से अश्लील हरकत करने वालों के खिलाफ बृहस्पतिवार को भी अभियान चलाया गया। जिसमें 14 युवकों को रोमियोगीरी करते पकड़ा गया। महिला थानाध्यक्ष मंजू सिंह व एसआई मीरा यादव की अगुवाई में कोतवाली क्षेत्र से पकड़े गए आठ युवकों के अभिभावक बुलाकर इस हिदायत के साथ सुपुर्द किया गया कि दोबारा ऐसी हरकत करने से वह रोकेंगे। टीम शाम करीब चार बजे कटेश्वर पार्क पहुंची तो यहां भी हड़कंप मच गया। शाम पांच बजे स्क्वॉड रोडवेज व रेलवे स्टेशन पर सक्रिय रहा।
उधर, गौर थाने की पुलिस ने छह लोगों गिरफ्तार किया, जिनमें चार के खिलाफ आईपीसी और दो की शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की गई है। गौर के एसआई राम कृपाल सिंह व डायल 100 टीम ने दो मनचलों को गौर हलुआ मार्ग के सिद्धौर तिराहे पर अश्लील हरकत करते दबोचा। जिनमें एक गोंडा जिले के छपिया थाने के करनपुर निवासी दीपक कुमार है, जबकि दूसरा वार्ड नंबर पांच चंदशेखर आजाद नगर बभनान निवासी दीपू है। इससे पहले हलुआ बाजार में आने-जाने वाली लड़कियों को अश्लील इशारे करने के मामले में धर्मेंद्र गुप्ता निवासी हलुआ बाजार, फूले, मन्नार और लाल बहादुर निवासी सिंगही को भी पकड़ा। सीओ सिटी एसएन सिंह ने बताया कि दोनों टीमें कोतवाली व पुरानी बस्ती क्षेत्र में एंटी रोमियो अभियान को अनवरत जारी रखेंगी। हर दिन टीम लोकेशन व टाइमिंग बदल-बदल कर जांच मजनूओं को सबक सिखाने का काम करेगी।