छावनी थाना क्षेत्र के औरंगाबाद मे मारपीट मंे डा. सरयू प्रसाद वर्मा की मौत होने पर विलाप करते परिवार के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
छावनी। थाना क्षेत्र के औरंगाबाद गांव में बुधवार की रात नौटंकी में फरमाइशी गाने को लेकर दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। इसमें गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की फैजाबाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह फैजाबाद के मसौधा अस्पताल में फार्मासिस्ट थे। इस मामले में पुलिस ने गांव के ही पांच लोगों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। गुरुवार देर शाम थाने पहुंचे पीड़ित पक्ष के लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
औरंगाबाद गांव के ठाकुर प्रसाद वर्मा के घर बुधवार को बच्चे की बरही पर कार्यक्रम आयोजित था। रात में नौटंकी का प्रोग्राम चल रहा था। कुछ लोग नर्तकियों को बार-बार फरमाइशी गाने पर डांस करा रहे थे। इस बात को लेकर गांव के कामता प्रसाद वर्मा गुस्सा गए और विरोध करने लगे। इस बात लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। मामले की जानकारी होते ही कामता के भाई सरयूू प्रसाद वर्मा भी पहुंच गए।
जब तक वह कुछ समझ पाते कि तब तक लाठी, डंडे चलने शुरू हो गए। भाई के बचाव में वह आगे बढे़ तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हीं पर हमला बोल दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल सरयूू प्रसाद (40) को परिवार के लोग जिला अस्पताल फैजाबाद ले गए जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दिवंगत सरजू प्रसाद फैजाबाद के मसौधा अस्पताल में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात थे। छावनी पुलिस ने दिवंगत के बडे़ भाई शीतला प्रसाद की तहरीर पर औरंगाबाद गांव के ही रामभवन वर्मा, भानुप्रताप वर्मा, रामप्रताप वर्मा, तिलकराम वर्मा, जनक प्रसाद वर्मा के ऊपर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।