कुदरहा। कुदरहा ग्राम पंचायत में पात्र गृहस्थी कार्ड की पात्रता को लेकर होने वाली बैठक के जगह के बारे में ग्रामीणों में भ्रम की स्थिति देखने को मिली। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत सचिव पर बैठक के निर्धारित स्थान से दूसरी जगह बैठक कराने का और भ्रमित करने का आरोप लगाया तथा बैठक का बहिष्कार करके बीडीओ कार्यालय को घेर लिया। सेक्रेटरी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
ग्रामीणों के अनुसार खुली बैठक का स्थान पंचायत भवन था। अचानक ग्रामप्रधान और सेक्रेटरी ने मिलकर कुदरहा ग्राम पंचायत के दक्षिण पंचायत भवन से लगभग 2 किलोमीटर दूर लगभग 200 की आबादी वाले टेढिया पुरवे पर की। गुपचुप बैठक को होने और स्थान परिवर्तन की सूचना पाते ही ग्रामीण भड़क गये और बीडीओ कार्यालय जाकर बैठक निरस्त करने की मांग की।
ग्राम प्रधानपति इन्द्रकुमार पर खुली बैठक को गोपनीय बना देने का आरोप लगाया।जबकि कुछ लोगों का कहना था कि बैठक सम्बन्धी न तो कोई डुग्गी मुनादी करायी गयी और न ही पंचायत भवन ग्राम सचिवालय तथा गॉव में स्थित दो प्राइमरी तथा दो जूनियर हाईस्कूल के भवनों के सूचना पट पर ही सूचना ही चस्पा की गयी। इस मौके पर सजरूनिशा, रामशंकर चौधरी, हुश्नआरा, मनोज चौधरी, रामआज्ञा, हरिदेव चौधरी सोनापती,केदार चौधरी,सत्यनरायन चौधरी, जगजीवन चौधरी, आमिना, बाबूलाल, दुलारे, रामअशीष्, हृदयराम , धर्मेन्द्र, रामसुगन धनपतादेवी आदि लोग मौजूद रहे।
बीडीओ ने कहा कि बिना पूर्व सूचना के खुली बैठक का स्थान बदला जाना गम्भीर प्रकरण है।सेक्रेटरी ने ऐसा क्यों किया इसकी सूचना मागी गयी है। पुन: बैठक की तिथि व स्थान निर्धारित करते हुए डुग्गी मुनादी के साथ बैठक कराने को कहा है।