बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव मे विवादित जमीन मंे लगे पेड़ की टहनी काटने के विवाद को लेकर दो पक्ष आपस मे भिड़ गये। जिसमे एक पक्ष के पांच लोग घायल हो गये। इनमे से एक की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
प्रतापपुर निवासी रामसिंगारे पुत्र दुक्खी तथा उनके भाई राम सहाय की तीन बीघा जमीन थी । राम सहाय अपने हिस्से की जमीन गांव के राम सुरेश को लिख कर कहीं चले गये। इस बात की जानकारी जब राम सिंगारे को हुई तो उसने कोर्ट केस कर दिया। मुकदमा चल ही रहा था कि इसी बीच रामसिंगारे की मां का निधन हो गया।
उनका सात दिन वाद ब्रह्मभोज होना है। इसके लिए लकड़ी की आवश्यकता थी। रामसिंगारे शुक्रवार की शाम को विवादित जमीन में लगे पेड़ों की टहनियां आदि को काटने पहुंच गए। इस जानकारी दूसरे पक्ष को जिसने जमीन खरीदी थी हुई तो वह भी विवादित जमीन पर पहुंच गया। दोनो पक्षों के बीच झगड़ा इस कदर बढ़ा कि लाठी डंडा चलने लगा।
मारपीट में 55 वर्षीय राम सिंगारे पुत्र दुक्खी, बासमती पत्नी राम सिंगारे, निर्मला पुत्री राम सिंगारे, प्रमिला पुत्री राम सिंगारे, पूजा पुत्री राम सिंगारे घायल हो गये। ग्रामीणों के सहयोग से पहले घायलों को पीएचसी बहादुरपुर में दाखिल कराया गया, जहां से डाक्टर ने सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान देर शाम राम सिंगारे की मौत हो गयी। प्रभारी निरीक्षक नगर केडी सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिल गई है, कुल छह लोगों के विरुद्घ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।