बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र के देवारा गंगबरार गांव की महिला रोजगार सेवक ने कुछ लोगों पर चक निर्माण के दौरान कार्य रोकने और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
दुबौलिया पुलिस को दी गई तहरीर में थाना क्षेत्र के पारा गांव की रहने वाली रोजगार सेवक नीमा सिंह ने कहा है कि देवारा गंगबरार गांव में वह चक मार्ग का निर्माण करा रही थीं कि इसी बीच कुछ लोगों ने कार्य को रोकते हुए उनसे अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उनकी तहरीर पर पुलिस ने देवारा गंगबरार गांव के रामप्रकाश पुत्र राजबली, रामसूरत पुत्र बिलगू, पराग पुत्र दुलारे, राजेन्द्र पुत्र रामअवध और गौरा गांव के विजय पाल पुत्र रामनरायन के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का मुकदमा पंजीकृत किया है। मामले की विवेचना एसआई दयाराम यादव को सौंपी गई है।