हर्रैया (बस्ती)। हर्रैया तहसील परिसर में भाकियू कार्यकर्ताओं और लखपालों के बीच भिड़त हो गई। विवाद की शुरुआत खसरा-खतौनी की नकल के लिए एक लेखपाल द्वारा हजार रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में हंगामा करने से हुई। नौबत मारपीट तक पहुंचने पहुंच गई। इसपर परिसर में मौजूद लेखपालों ने एकजुट होकर भाकियू जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र सिंह को दौड़ा कर पीट दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे एक अधिवक्ता और भाकियू की महिला कार्यकर्ता नैमुनिशा को भी चोटें आईं। घायलों को सीएचसी हर्रैया भेजा गया। विवाद बढ़ने की सूचना पर कई थानों की पुलिस कचहरी पहुंच गई और भीड़ को तितर-बितर किया। पुलिस ने हर्रैया थाने में मारपीट करने वाले के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े 10 बजे भाकियू के तहसील अध्यक्ष हरि प्रसाद चौधरी, जिला उपाध्यक्ष रामचंद्र सिंह कार्यकर्ताओं के साथ एसडीएम से मिलने पहुंचे। वह एसडीएम से इस बात की शिकायत करने आए थे कि तहसील मे नांदे कुआं के रहने वाले भाकियू के कार्यकर्ता शिवाकांत दूबे से लेखपाल हर्षवर्धन ने हजार रुपये की मांग की। वहां किसी बात पर भाकियू के लोगों और लेखपालों में बहस होने लगी। कुछ देर में ही जिले भर से भाकियू कार्यकर्ता का हुजूम पहुंचने लगा। यह देख गौर, छावनी, परशुरामपुर, दुबौलिया, नगर और कप्तानगंज थाने की फोर्स हर्रैया पहुंच गई। नाराज भाकियू कार्यकर्ता लेखपाल पर मुकदमा दर्ज कर उसे निलंबित करने और नायब तहसीलदार को हटाने की मांग से संबंधित ज्ञापन देकर तहसील गेट पर धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने बातचीत से हल निकालने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। देर शाम तक तहसील गेट पर प्रदर्शन कर प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते रहे। अंतत: शनिवार को दोबारा धरना देने की बात कहकर लौट गए।
बुधवार को पड़ी विवाद की नींव
हर्रैया तहसील में शुक्रवार की दोपहर हुए विवाद की नींव 22 नवंबर को ही पड़ गई थी। भाकियू नेता रामचंद्र सिंह का आरोप है कि नांदे कुआं के एक किसान का खसरा बनाने के लिए लेखपाल ने एक हजार रुपये मांगे। यह शिकायत लेकर शुक्रवार को भाकियू कार्यकर्ता एसडीम से मिलने पहुंचे थे। जहां दोंनों पक्षों के आमने-समाने आने से बवाल हो गया।