वाल्टरगंज। थाना क्षेत्र के बस्ती-डुमरियागंज मार्ग स्थित भुजैनियां गांव के समीप कार हादसे में घायल दोनों बाइक चालकों की मौत हो गई। रविवार शाम तेज गति कार की ठोकर से दो बाइक चालक आपस में टकराकर गंभीर घायल हुए थे, जिन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया था।
रविवार शाम हुए हादसे की सूचना पर पहुंची वाल्टरगंज पुलिस ने घायल इरसाद (18) तथा कृष्ण चन्द (18) निवासी लक्ष्मणपुर थाना वाल्टरगंज को गंभीर स्थिति में प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल भेजवाया था। जिला अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने इरशाद को मृत घोषित कर दिया। जबकि कृष्णचन्द को नाजुक स्थिति में गोरखपुर रेफर कर दिया गया। जहां पर हालत लगातार बिगड़ती गई। कोई सुधार नहीं होते देखकर डॉक्टरों ने लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लखनऊ पहुंचते ही कृष्णचन्द ने भी दम तोड़ दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कोतवाली पुलिस से कराया जा रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लक्ष्मणपुर में दो के शव पहुंचते ही कोहराम
वाल्टरगंज। थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर में इरसाद (18) और कृष्णचन्द (18) की लाश सोमवार को पहुंचने पर पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिवार वालों की चीख से हर किसी की आंखों से आंसू छलक जाते। इरसाद आदर्श इंटर कॉलेज सल्टौआ में 12वीं का छात्र था। मौत की सूचना पाकर अनेक सहपाठी घर पर पहुंच गए। मां हमीदुन्निशा, पिता अतीर्कुरहमान, भाई औरंगजेब, इमरान, असलम, कमरान सहित परिवार के लोगों को ढांढस बधाया। वहीं, मृतक कृष्ण चन्द के घर पर माता गीता देवी, भाई जय चन्द, व बहन रीना, रीमा, रेनू सहित हर कोई बेसुध जैसी हालात में था। गांव के लोग दोनों घरों के परिजनों को किसी तरह ढांढस बंधाते रहे।