हरैया कस्बे के राजघाट वार्ड में रुपये के लेनदेन में बृहस्पतिवार को दबंगों ने बिल्डिंग बनाने वाले ठेकेदार पर जानलेवा हमला किया। डंडे से पिटाई कर लहूलुहान कर दिया। आसपास के लोगों ने सीएचसी हरैया में भर्ती कराया है। भतीजे ने पुलिस को तहरीर देकर चार लोगों को नामजद कराया है।
हर्रैया कस्बे के रामलीला नगर के राजू (35 वर्ष) पुत्र राधेश्याम गुप्ता मकान बनाने का ठेका लेते हैं। उनका कस्बे के एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान का कुछ रुपये की देनदारी थी। राजू के मुताबिक वह बृहस्पतिवार को राजघाट वार्ड में एक मकान का निर्माण करा रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे बिल्डिंग मैटेरियल के प्रोपाइटर अपने तीन भइयों के साथ आ धमके। रकम के लेनदेन और बकाये को लेकर कहासुनी होने लगी। थोड़ी देर बाद बात बढ़ने पर लोग दबंगई पर उतर आए। लाठी डंडे और बल्ली से हमला कर दिया। जिससे राजू को गंभीर चोटें आईं। शोर मचाने पर आसपास के लोग भी जुट गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। राजू के भतीजे गोपाल ने चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक केडी सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।