बस्ती शहर से सटे हरदिया चौराहे के पास किराए के मकान में रहने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छत से पंखे लटकाने वाली कुंडी में गमछे के फंदे से लटका शव बरामद किया गया। परशुरामपुर थानाक्षेत्र के मूल निवासी इस परिवार के सभी सदस्य उस वक्त घर पर मौजूद नहीं थे। कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परसरामपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर के मूल निवासी रामदेव सोनी का परिवार पिछले करीब दस वर्षों से कोतवाली क्षेत्र के हरदिया के पास किराए के मकान में रहता है। रामदेव गांव में रहते हैं। हरदिया में बड़ा बेटा राजू सोनी, छोटा राजन और दो बेटियां भी मां के साथ रहती थीं। दोनों बेटे चौराहे पर स्थित संभालते थे।
सोमवार को दिन में राजन मां के साथ दुकान पर मौजूद था। राजू दुकान के लिए सामान लाने एजेंसी पर गया था। दोनों बहनें डॉक्टर के यहां गई थीं। मां का कहना है कि दोपहर करीब एक बजे वह दुकान पर थी और राजन खाना खाने घर गया था। थोड़ी देर बाद जब परिवार के बाकी लोग अपने काम निपटाकर घर पर पहुंचे तो कमरे में छत से लटकता राजन का शव मिला। शव देखते ही पूरा परिवार बदहवासी की हालत में चीख पुकार करने लगा। बड़े भाई राजू का कहना है कि उसका किसी से कोई विवाद भी नहीं था। एसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।