बस्ती/नगर बाजार। कस्बे से महज पांच सौ मीटर दूर स्थित बाग में युवक का शव शनिवार देर रात पेड़ पर फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
नगर बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, हरनखा निवासी रामकिशुन के तीन बेटों में से दो रोजगार के सिलसिले में मुंबई रहते हैं।
पत्नी की मौत के बाद रामकिशुन सबसे छोटे बेटे अयोध्या (18 वर्ष) के साथ गांव में रहने लगे। एक सप्ताह पूर्व साथ रह रही नातिन के जाने के बाद बेटे ने भोजन बनाने की जिम्मेदारी ले ली। इसके साथ ही वह पिता के काम में हाथ भी बंटाता था। पिता ने बताया कि शनिवार शाम होने से पहले बेटा घर से निकला।
काफी देर तक न लौटने पर वे लोगों के दरवाजे-दरवाजे जाकर पता लगाने लगे। इसी बीच गांव के पश्चिम पुराने भट्ठे के उत्तर खेत में गेहूं की फसल चर रहा सांड़ भगाने गांव के कुछ लड़के शनिवार रात करीब नौ बजे बाग की तरफ गए तो अयोध्या का शव लटका देखकर शोर मचाने लगे। प्रभारी एसओ जय प्रकाश यादव का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। मगर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं है।