उन्नाव। चोर शहर में दो अलग-अलग स्थानों से हजारों का माल समेट ले गए। रविवार सुबह घटना की जानकारी पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।
शहर के मोहल्ला एबीनगर निवासी राजू मिश्रा के घर में पीछे की दीवार फांदकर पहुंचे चोरों ने किचन का ताला तोड़कर आटा, दाल चावल के अलावा गृहस्थी का कीमती समान पार कर दिया।
राजू के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद हो गया। चोर बाइक से आया था। वह दीवार पर चढ़ते समय चोर दो बार गिरा। पुलिस फुटेज के आधार पर चोर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है
।
दसरी घटना मोहल्ला जवाहरनगर की है। यहां चोरों ने एक नाई की दुकान को निशाना बनाया। शटर का ताला तोड़कर चोरों ने इन्वर्टर, बैटरी के अलावा दुकान में लगी एलईडी व बाल काटने की इलेक्ट्रानिक मशीन सहित करीब तीस हजार का माल पार कर दिया। नारेंद्र नगर निवासी दुकान मालिक पंकज सविता रविवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे। तब मामले की जानकारी हुई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
-
बांगरमऊ। क्षेत्र के ग्राम बेरिया गाड़ा में बंद पड़े मकान से चोर जेवर व नगदी समेत लगभग एक लाख रुपये का माल ले गए। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी गृहस्वामी को दी। गृहस्वामी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। ग्राम बेरिया गाड़ा निवासी पुत्ती लाल पुत्र कल्लू परिवार के साथ पंजाब के चंडीगढ़ में रहकर नौकरी करते हैं। शुक्रवार रात चोर छत के सहारे घर में दाखिल हो गए। चोर जाल काटकर कमरे में रखी अलमारी व बक्सों का ताला तोड़कर जेवर व नगदी चुरा ले गए। पुत्तीलाल के अनुसार चोर सोने का हार, सोने की जंजीर, कमर पेटी, चांदी की पायल ले गए हैं। पुत्तीलाल ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
---------------