सपा के रोड शो के दौरान बिना अनुमति के शामिल गाड़ियां सीज होने पर जिलाध्यक्ष राजकपूर यादव की एसपी से नोकझोंक हो गई।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
बस्ती। निकाय चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पुलिस प्रशासन ने तेवर दिखाते हुए बिना इजाजत काफिले में शामिल 15 वाहन सीज कर दिया। सपा प्रत्याशी के पक्ष में निकाला गया जुलूस कंपनीबाग चौराहे के पास जब पहुंचा तो एसपी संकल्प शर्मा व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चंद्रमोहन गर्ग ने रोक लिया। अनुमति से अधिक 15 वाहन पाए गए।
एसपी ने बताया कि प्रचार की अनुमति से संबंधित कागजात न दिखा पाने की वजह से सभी वाहनों को सीज कर कोतवाली भेजा गया है। प्रत्याशी के विरुद्ध आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। सोमवार को सपा प्रत्याशी ने पैदल जुलूस की अनुमति ली।
दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे शहर के कंपनी बाग से गांधीनगर की तरफ जब जुलूस बढ़ा तो सपा जिलाध्यक्ष राजकपूर यादव के पीछे काफी वाहन देख एसपी व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने रोका। सिर्फ जिलाध्यक्ष के अलावा अन्य किसी गाड़ी का पास नहीं था। काफी देर तक रास्ते में काफिला खड़ा होने से जाम लग गया। जब कोई कागज नहीं दिखा पाए तो एसपी ने कोतवाल विजयेंद्र सिंह को बुलाकर 15 वाहन कोतवाली भेज दिया।