पुलिस की ओर से कच्ची शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बाद आबकारी विभाग की भी तंद्रा टूटी है। सोमवार की शाम को लालगंज थाना क्षेत्र के चार ईंट भट्ठों पर आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस ने भट्ठों पर मजदूरों की ओर से बनाई जा रही 130 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर मिले 10 मजदूरों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया।
सोमवार को जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र की अगुवाई में आबकारी विभाग की टीम ने लालगंज थाना क्षेत्र के फरदा, पाकरडाड़, बेलराई और अल्पाखोर स्थित ईंट भट्ठे पर छापेमारी की।
इस दौरान प्लास्टिक के डिब्बे बोतल आदि में तैयार कर रखी 130 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। इसके साथ ही मौके पर शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले लहन 15 क्विंटल और बर्तन आदि भी मिले।
लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।फरदा भट्ठे पर मिले मीना, मालती और मंजरी, बेलराई भट्ठे पर धौताल, खेताऊ, नींबू, देवमी भट्ठे पर अनीता, पुष्पा, रीता और करिश्मा के विरुद्घ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। आबकारी के छापेमार दल में सिटी इंचार्ज ज्ञानेंद्र नाथ पांडेय, आबकारी निरीक्षक दिनेश पासवान, प्रवर्तन दल के निरीक्षक अमरेंद्र सिंह आदि रहे।