हर्रैया। गुरुवार रात को 10 से 12 की संख्या में युवकों ने विद्युत उप केंद्र पर पहुँच कर जमकर उत्पात मचाया। केंद्र पर तैनात संविदा कर्मी की पिटाई करने के बाद तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही सभी भाग खड़े हुए। साथी कर्मी की पिटाई के विरोध में उप केंद्र के सभी फीडरों की बिजली आपूर्ति ठप कर दी।
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार करने के बाद ही आपूर्ति बहाल करने की मांग पर अड़े रहे। रात करीब साढ़े आठ बजे जिवधरपुर राय गांव के 10-12 युवक विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे। मौजूद संविदा कर्मी मठउ से शट डाऊन वापस करने को लेकर गाली गलौज करते हुए हंगामा करने लगे। मना करने पर उसकी पिटाई कर दी। हंगामा कर रहे युवकों ने पैर मारकर दरवाजा तोड़ दिया और अभिलेखों को उठाकर फेंक दिया।
काफी हो हल्ला मचने पर आसपास के कर्मी एकत्रित हो गए और बीच बचाव किया।सूचना पर पहुँची पुलिस टीम का वाहन देखते ही उपद्रवी युवक भाग निकले।सूचना पाकर बड़ी संख्या में विद्युत कर्मी उप केंद्र पर एकत्रित हो गए। आक्रोशित कर्मी सभी फीडरों की आपूर्ति बंद करते हुए आरोपियों पर केस दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करने लगे। उच्चाधिकारियों को सूचना देने के बाद सभी थाने पहुंच गए। देर रात तक सभी बिजली कर्मचारी थाने पर जुटे हुए थे। समाचार लिखे जाने तक बेलभरिया, महराजगंज, छावनी केशवपुर, फीडरों की आपूर्ति ठप है। बिजली नहीं आने से परेशान लोग घरों से बाहर टहलते हुए दिखे।