नशे में धुत युवक ने एसबीआई दुबौला में की तोड़फोड़
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के दुबौला चौराहे पर स्थित स्टेट बैंक की शाखा पर बुधवार को एक युवक ने हंगामा खड़ा कर दिया। नशे में धुत युवक ने उपभोक्ताओं व बैंक कर्मियों से बदसलूकी की और बैंक में तोड़फोड़ की। सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ने की कोशिश की वह मौके ले भाग गया।
बुधवार को देर शाम तक बैंक में भुगतान का काम चल रहा था। इसी बीच एक युवक जबरदस्ती भीतर घुसने का प्रयास करने लगा। लाइन में खड़े दूसरे लोगों ने आपत्ति की तो उनसे बहस करने लगा। बैंक कर्मियों ने उसे बाहर करने का प्रयास किया तो वह तोड़फोड़ पर आमादा हो गया। उसने गेट का शीशा तोड़ दिया। जिसके बाद बैंक में अफरातफरी मच गई और भुगतान बंद हो गया। शाखा प्रबंधक अवधेश प्रसाद ने बताया कि विवाद करने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। दुबौला चौकी प्रभारी अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि बैंक कर्मियों ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए तहरीर दी है।