कस्बे के जनता इंटर कॉलेज गली में स्थित पुस्तक भंडार के सामने लघुशंका करने को लेकर कार सवार बारातियों से मारपीट हो गई। कार में सवार तीन युवकों ने दुकानदार को जमकर पीटा। इसी दौरान कस्बे के लोग जुटे और कार के शीशे आदि तोड़ दिए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। मौके पर मौजूद पांच लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। टूटी कार भी पुलिस के कब्जे में है।
बृहस्पतिवार को रात करीब सवा नौ बजे बभनान से बहादुरपुर बारात जा रहे कार सवार कस्बे के मेन रोड से जनता स्कूल की ओर गली में पहुंचे। इसमें से तीन युवक आयुष पुस्तक भंडार के सामने लघुशंका करने लगे। तभी घर के अंदर से निकले दुकान मालिक आयुष ने उन्हें टोका। दुकानदार के रोकने से गुस्साए युवक मारपीट पर आमादा हो गए। आयुष को पिटते देखकर आसपास के लोग जुटे। इसी बीच किसी ने कार के शीशे और अन्य हिस्से में तोड़फोड़ कर दी। उसी दौरान एक दूसरी कार में कुछ और युवक पहुंच गए। गनीमत रही कि उनके घमासान से पहले पुलिस पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक नगर डीके मिश्र का कहना है कि पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। दुकानदार आयुष ने तहरीर दी है। अभी 10 नवंबर को भी वहीं पर बवाल हुआ था, जिसमें बेलाड़ी के रहने वाले कुछ लोगों ने दरोगा तक से हाथापाई की थी। एसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि सबके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।