स्कूली बस की चपेट से बाइक सवार की मौत
- फोटो : अमर उजाला
भानपुर (बस्ती)। सोनहा थाना क्षेत्र के कांटेखैरा गांव के पांडेय पुरवा के पास स्कूल बस की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। लखनऊ ले जाने के दौरान रास्ते में ही घायल ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना बृहस्पतिवार को सुबह करीब आठ बजे हुआ।
बीस वर्षीय कमलेश चौधरी निवासी हरिहरपुर थाना रूधौली बाइक से अपनी बहन के घर मझारी जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कोहरे के कारण कांटे खैरा के पांडेय पुरवा के पास स्कूली बस से आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। हेलमेट नहीं लगाने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। पुलिस और परिवार को भी दुर्घटना की जानकारी दी। घटनास्थल पर पहुंची सोनहा पुलिस ने स्कूल वाहन और बाइक को कब्जे में ले लिया। गंभीर रूप से घायल कमलेश को पुलिस और परिवार वालों की मदद से सीएचसी भानपुर में भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय हर्रैया के पास कमलेश ने दम तोड़ दिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सोनहा शिवाकांत मिश्रा का कहना था कि स्कूल बस को कब्जे में लिया गया है। अभी तक कोई तहरी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामला पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।