बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के घोलवा चौराहे पर कपड़े की सिलाई करने वाले एक टेलर मास्टर की संदिग्ध अवस्था में शुक्रवार को मौत हो गई। उसका शव दुकान के अंदर छत की कुंडी से लटका मिला। उसके गले में साड़ी का फंदा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोनहा थाना क्षेत्र के परसाखुर्द गांव के रहने वाले 35 वर्षीय जैसराम गौतम पुत्र स्व0 राजाराम ने गांव के पास ही घोलवा चौराहे पर सिलाई की दुकान खोल रखी थी। शुक्रवार को जब वह दिन में घर खाना खाने नहीं पहुंचा तो घर के लोगों को चिंता हुई। वह दुकान पर पहुंचे तो दुकान का शटर गिरा मिला, मगर वह परी तरह बंद नहीं था।
जैसे ही दुकान का शटर उठाया गया, अंदर का दृश्य देख सबके होश उड़ गए। दुकान के अंदर छत की कुंडी से जैसराम का शव लटक रहा था। उसके गले में साड़ी का फंदा लगा था। घर वालों ने जल्दबाजी में शव को नीचे उतारा और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर एसआई बांकेलाल ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और घर के लोगों से पूछताछ की। एसआई बांकेलाल ने बताया कि उनके पहुंचने से पूर्व ही शव को घर वालों ने नीचे उतार कर तख्त पर लिटा दिया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, फिर भी पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।