बस्ती डुमरियागंज मार्ग पर रविवार की सुबह एक बाइक सवार की मैक्समो गाड़ी से दुर्घटना होने पर मौके पर पहुची पुलिस फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
सोनहा/सल्टौआ। डुमरियागंज मार्ग पर सोनहा थाने के सल्टौआ में रविवार दोपहर माल वाहक (टाटा मैक्सिमो) की चपेट में आकर 30 वर्षीय बाइक चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़ कर भाग निकला। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
सोनहा थाने के कनेथू बुजुर्ग निवासी राधेश्याम चौरसिया करीब डेढ़ महीने पहले मुंबई से घर आए। वह मजदूरी कर परिवार के खर्च का इंतजाम करते थे। उनके पिता रामशब्द अपनी बहू (राधेश्याम की पत्नी) संगीता और उसके दो बच्चे काजल (7) और आदित्य (5) को लेकर गांव में रहते हैं। राधेश्याम के दो अन्य भाई भी गांव में ही मेहनत मजदूरी करते हैं।
परिवार के लोग बताते हैं कि रविवार को सुबह ही कुछ जरूरी काम से बाइक लेकर सल्टौआ बाजार गए। दोपहर करीब 12 बजे वापस लौटते वक्त सल्टौआ स्थित पानी की टंकी के पास डुमरियागंज की तरफ आए मैक्सिमो ने सामने से टक्कर मार दी। राधेश्याम की मौत से उनके परिवार की रीढ़ टूट गई।
परिवार के एक मात्र कमाऊ सदस्य की हादसे में मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। एसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि सोनहा थाने की पुलिस ने दुर्घटना करने वाला वाहन बरामद कर अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
काश: हेलमेट पहने होते
महज 30 वर्ष की उम्र में दुनिया से अलविदा कहने वाले राधेश्याम यदि हेलमेट पहने होते तो संभवत: उनकी जान न गई होती। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मैक्सिमो की टक्कर से बाइक दूर जा गिरी। राधेश्याम सिर के बल गिरे, जिससे गंभीर चोट आई। पोस्टमार्टम में भी अत्यधिक रक्तस्राव के चलते मौत हुई।
सीमा विवाद में घंटों उलझी रही पुलिस
बस्ती-डुमरियागंज मार्ग पर स्थित घटना स्थल को लेकर घंटों पुलिस हलकान रही। सल्टौआ पानी टंकी का स्थान वाल्टरगंज और सोनहा थाने के सीमा पर है। सूचना पर दोनों थाने की पुलिस पहुंची। सीमा को लेकर काफी देर तक बहस के बाद जब सोनहा थाने का मामला पाया गया तो वहां की पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।