भानपुर तहसील दिवस में फरियाद करने आए धर्मपाल विहोश होने पर अस्पताल लेकर जाते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
भानपुर/बस्ती। एडीएम राकेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में भानपुर तहसील दिवस में एक बजे के करीब कमिश्नर पीके सिंह के पहुंचने से अफरातफरी का मच गई। फरियादियों की कम संख्या पर कमिश्नर नाराज हुए। उन्होंने कई फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कमिश्नर के सामने पहले पंक्ति में पैर पर पैर रखकर बैठे बात कर रहे सहायक अभियंता जल निगम को अनुशासन का पाठ पढ़ाया। ग्राम पंचायत बड़ोखर से कोटेदार की शिकायत लेकर आए धर्मपाल बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद डाक्टर अजय शुक्ल ने परीक्षण कर उसे एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
एसडीएम सुरेश चंद्र शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के समय जांच आख्या स्पष्ट और बड़े अक्षरों में लिखें, जिससे उसे आसानी से पढ़ा जा सके। यहां 52 मामले दर्ज हुए, जिनमें 16 का मौके पर निस्तारण हुआ। इस मौके पर एडिशनल एसपी रोहित कुमार मिश्र, तहसीलदार इरफान उल्ला खां, एनटी रामनगर आलोक प्रताप सिंह, बीडीओ रामनगर सुशील कुमार अग्रहरि, सुनील कुमार पांडेय सल्टौवा, सीडीपीओ रामनगर अनिल कुमार पांडेय, बीईओ रामनगर केडी दुबे, थानाध्यक्ष सोनहा शिवबरन यादव आदि मौजूद रहे।
हर्रैया प्रतिनिधि के मुताबिक तहसील दिवस की अध्यक्षता सीडीओ सोबरन सिंह ने की। दुबौलिया ब्लॉक के ग्राम आराजी डूही धर्मपुर मुस्तकहम के प्रधान शोभाराम राजभर, मोतीलाल, रामसुमेर, शिवकुमार, गंगाराम, रामनरायन, रामतौल, प्रेमसागर आदि ने सीडीओ से कोटेदार की शिकायत की। आरोप लगाया कि कोटेदार जनवरी से ही राशन, चीनी और केरोसिन नहीं बांट रहा है। कहा कि जबकि एसडीएम से कई बार इसकी शिकायत की जा चुकी है। तहसील स्तर से कोई कार्रवाई नहीं होने से गरीबों में रोष व्याप्त है। सीडीओ ने एसडीएम को जांचकर कार्रवाई का निर्देश दिया। यहां पर कुल 53 मामले दर्ज किए गए, जिसमें मात्र नौ का ही निस्तारण हुआ।