परशुरामपुर थाना क्षेत्र के रामपुर नवनिधि राय गांव में ट्रैक्टर से दबकर सात वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। शनिवार दोपहर मसूर की मड़ाई करते समय यह घटना हुई। मासूम का क्षत-विक्षत शव देखकर लोगों का कलेजा मुंह को आ गया।
शनिवार को शिवकुमार गुप्ता मसूर की मड़ाई कर रहे थे। मैदान में फैलाकर उसके ऊपर ट्रैक्टर दौड़ा रहे थे, जिससे दाने फली से अलग हो जाएं। ट्रैक्टर वह स्वयं चला रहे थे। बगल में बोनट पर अपने पोते शिवम को बैठा लिए। ट्रैक्टर का झटका लगने से शिवम सरक कर नीचे गिर गया और उसके ऊपर से ट्रैक्टर गुजर गया। कुछ ही देर में मासूम ने तड़पकर दम तोड़ दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मानो कोहराम मच गया।