बूढ़ापार गांव में आग में सब कुछ बर्बाद हो गया।
- फोटो : रमेश मिश्र
बस्ती। गौर थाना क्षेत्र के बूढ़ापार गांव में बुधवार को अपरान्ह तीन बजे के करीब अचानक लगी आग ने तीन रिहायशी को जलाकर राख कर दिया। घटना की सूचना पाकर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में 12 परिवारों के छप्पर जले, जिनमें तीन के रिहायशी थे। उनका राशन, कपड़ा, बर्तन और जरूरत का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
बूढ़ापार गांव में अपरान्ह तीन बजे के करीब दिल कुमार की रिहायशी झोपड़ी में आग लग गई। जब तक दिल कुमार के परिवार वाले और गांव के लोग कुछ समझ पाते आग ने भयावह रूप धारण कर लिया। इसने देखते ही देखते देवशरण, राजकुमारी के भी रिहायशी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
धू धू कर जल रही झोपड़ियों से आग फैलती हुई रामनरायन, रामसजीवन, शंकरदीन, शेषराम, गया प्रसाद, प्रेमा देवी, जंग बहादुर, चंद्रप्रकाश और दयानाथ की झोपड़ी, घारी आदि को अपनी चपेट में ले लिया। इस बीच गांव के लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर फायर ब्रिगेड भेजने का अनुरोध किया।
सूचना मिलने के एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग बुझाने में मदद की और तकरीबन दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पूरी तरह से बुझाने में सफलता मिली। इस अग्निकांड में गया प्रसाद के ट्रैक्टर का अगला हिस्सा भी जल गया। घटना की सूचना पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक पारसनाथ चौधरी, लेखपाल रामसहाय, रामकुमार लाल की टीम ने आग से हुए नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार की।