जाम डीह में भोजन पकातेे समय झुलसी युवती की इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय मौत हो गई। जिला अस्पताल के निकट जामडीह में हुई इस घटना के बाद उसे पहले जिला अस्पताल ले गए थे। जहां से रेफर होकर लखनऊ ले जाया जा रहा था, फैजाबाद के पास उसने दम तोड़ दिया।
कलवारी थाना क्षेत्र के गुलहरिया गांव निवासी शालिनी पढ़ाई में काफी तेज थी। इसे देखते हुए परिवार के लोगों ने उसे पढ़ने के लिए शहर भेजा था। जाम डीह पांडेय में अपने भाई के साथ किराए के मकान में रहकर पढ़ाई के साथ-साथ वह प्राइवेट नौकरी भी करती थी। बताया जा रहा है कि खाना बनाने के दौरान शरीर में आग लगने के बाद भागकर वह छत पर पहुंची। लेकिन बचाव का काई साधन नहीं होने के कारण छत पर जलतेे हुए चीखती रही। घटना के समय भाई कहीं गया था। मंगलवार को युवती का अंतिम संस्कार सरयू नदी के टांडा घाट पर कर दिया गया।