फोरलेन के डिवाइडर में अवैध कट ने एक और की जान ले ली। केशवपुर के पास ढाबे के सामने बने कट से सड़क पार कर रहा बाइक सवार कार की चपेट में आ गया। अस्पताल पहुंचने के पहले ही उसकी मौत हो गई।
घटना सुबह सात बजे परशुराम पुलिस चौकी के केशवपुर स्थित ढाबे के सामने हुई। गोरखपुर से लखनऊ की ओर जा रही तेज गति कार से बाइक टकरा गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की दौड़ पड़े। सड़क पर गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस से फैजाबाद के श्रीराम अस्पताल भेजवाया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों को भी सूचना दी गई। शख्स की पहचान रामसरन निवासी फिदायीपुर थाना नवाबगंज जिला गोंडा के रूप में हुई। रामसरन रिश्तेदारी में विक्रमजोत के गौरिया नयन निवासी रामबुझारत के यहां आया था। सुबह अपने घर जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पार करते समय वह कार की चपेट में आ गया। घौवा चौकी पुलिस ने कार चालक राजकरन कन्नौजिया निवासी छितौना थाना बड़हलगंज जिला गोरखपुर को हिरासत में लेकर कार को कब्जे में ले लिया। देरशाम तक मुकदमा पंजीकृत नहीं हुआ था।