बस्ती। पानी को लेकर जिला कारागार में निरुद्ध दो बंदियों के बीच हुए घमासान में घायल रामपति उर्फ बैठोले की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। बीते 11 जून की शाम नहाने के पानी को लेकर वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के विष्णु नाम के बंदी से उसकी मारपीट हो गई थी। जेलर बीके मिश्र ने बताया कि विष्णु के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कराया गया है।
भीषण गर्मी से बिलबिलाए बंदियों ने 11 जून शाम को स्नान करना शुरू किया। बारी-बारी से वे नहाने का पानी भर रहे थे। इस दौरान वाल्टरगंज थानाक्षेत्र के निवासी हत्यारोपी विष्णु ने बैठोले को उठाकर पटक दिया। जिससे उसके सिर और अन्य अंग में गहरी चोटें आ गईं। आनन-फानन जेल अस्पताल से उसे जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से ट्रामा सेंटर लखनऊ भेज दिया गया। जहां मंगलवार रात उसकी मृत्यु हो गई। जेलर विष्णु कांत मिश्र की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने विष्णु उर्फ विष्णु निवासी सहाऊतपुर डमरूआ जंगल थाना वाल्टरगंज के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।