साऊघाट। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के फोरलेन स्थित नवीन सब्जी मंडी स्थल के सामने कबाड़ बीनने वाली महिला ट्रेलर से कुचल गई। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। भीड़ जुटते ही वाहन छोड़कर चालक भाग निकला।
शनिवार दोपहर 12 बजे दो अन्य महिलाओं के साथ 30 वर्षीय संजावती पत्नी संतराम निवासी कोड़ारे थाना परशुरामपुर लोहे का कबाड़ बीन रही थी। चुंबक के सहारे कबाड़ बीनने के बाद ट्रेलर के पीछे बैठकर धूल मिट्टी से लोहे को अलग कर रही थी। तभी चालक ने ट्रेलर को पीछे की तरफ बैक किया जिससे पहिये की नीचे आ गई। सिर कुचलने से तत्काल मौत हो गई। मौके पर भीड़ बढ़ने लगी तो चालक ट्रेलर छोड़कर भाग निकला। लोगों की सूचना पर पुरानी बस्ती के एसआई गणेश कुमार व अनन्त कुमार यादव पहुंचे। जैक लगाकर ट्रेलर के पिछले पहिये वाले हिस्से को उठाकर महिला को निकाला गया। पति और चार छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। साथ रहने वाली महिलाओं ने बताया कि संजावती गर्भवती थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।