पत्नी लगा रही हत्या का आरोप, पुलिस बता रही आत्महत्या
अमर उजाला ब्यूरो
विक्रमजोत। छावनी थाना क्षेत्र के तालागांव में 8 अप्रैल को निर्माणाधीन घर में खिड़की में बंधी रस्सी के फंदे से लटकते मिले विजय के शव का मामला पुलिस तक पहुंच गया है। छावनी पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है तो विजय की पत्नी ने पुलिस अधीक्षक को शनिवार को शिकायती पत्र देकर पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है।
पत्नी ने आरोप लगाया है कि पति विजय और पड़ोसी के बीच जमीन संबंधी विवाद में मारपीट हुई थी। जिसमें विजय को काफी चोट लगी। घायल विजय इलाज कराने बाजार गए तो देर रात तक नहीं लौटे। इंतजार करते-करते सो गईं। अगले दिन विजय का शव खिड़की में बंधी रस्सी से लटकता मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि पति की गला दबाकर हत्या की गई है अथवा उन्हें फंदे से लटका दिया गया। पांच नाबालिग बच्चों संग रह रही मां और मृतक की पत्नी रंजना ने छावनी पुलिस पर भी आरोप लगाया है। आरोप लगाया है कि पड़ोसी कच्ची शराब का धंधा करता है, जिसे पुलिस का संरक्षण है। छावनी थाने के एक सिपाही और दरोगा का आरोपी के यहां आना जाना रहता है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष यशवंत सिंह का कहना है कि घटनास्थल का मुआयना कराया गया था। शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया है। रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस अधीक्षक ने महिला के प्रार्थना पत्र देने पर बात की है। जिनके निर्देश पर महिला की ओर से लगाए जा रहे आरोपों की भी जांच कराई जा रही है।