पिकअप की चपेट से गंभीर युवक की मौत
नगर बाजार।
नगर बाजार कस्बे के पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आ गया। हादसे के बाद पिकअप भी पलट गई। चालक भाग निकला। लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां से लखनऊ ले जाने के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
हादसा रविवार रात नगर बाजार के पेट्रोल पंप के पास हुआ। बलगोड़ा निवासी संदीप (18) पुत्र श्रीराम बाइक में तेल भरवाकर वापस घर जा रहा था। वह अभी पेट्रोल पंप से थोड़ी दूर ही पहुंचा था कि तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को चपेट में ले लिया। संदीप गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया जबकि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे पलट गई। अंधेरे का फायदा उठाकर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया। किसी की सूचना पाकर मौके पर पहुंची नगर पुलिस ने अपने वाहन से उसे जिला अस्पताल बस्ती में भर्ती कराया और परिवार के लोगों को हादसे की जानकारी दी। जिला अस्पताल में हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय फैजाबाद के पास संदीप ने दम तोड़ दिया। संदीप के चाचा मधुर ने वाहन के नंबर के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई है। एसओ डीके मिश्रा ने बताया कि पिकअप को कब्जे में लिया गया है। केस दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
बिना खाए सोया, सुबह लटकी मिली लाश
बस्ती।
कप्तानगंज थाने के मीतासोती गांव के 18 वर्षीय युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार की सुबह बंद कमरे में छत की कुंडी से उसका लटकता शव पाया गया। लुंगी का फंदा बनाकर छत के हुक से लटकते देखकर परिवार वालों की पांव तले जमीन सरक गई। परिवार के लोगों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव निकाला। परिवार वालों की सूचना पर पहुंची कप्तानगंज थाने की पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी संकल्प शर्मा का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिवार वालों के हवाले कर दिया जाएगा।
मीतासोती गांव के राजकुमार का बड़ा बेटा अभिषेक पूना में रहकर नौकरी करता है। परिवार के लोग छोटे बेटे रामजी को अच्छी शिक्षा दिलाना चाहते थे। हालांकि, उसका पढ़ाई में मन नहीं लगा तो हाईस्कूल पास होने के बाद कैटरिंग का काम शुरू कर दिया। माता-पिता और भाभी के साथ वह प्रसन्न था। मगर चर्चा है कि तीन दिन पहले खाने के दौरान किसी बात को लेकर वह नाराज हो गया। खाना छोड़कर वह उठ गया। रात में कमरा बंद करके सोने चला गया। सोमवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के लोगों ने बुलाने की कोशिश की लेकिन भीतर से कोई आहट न होने पर डर गए। कुछ देर में ही गांव के दूसरे तमाम लोग जुट गए। ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़ अंदर दाखिल होने पर फंदे से लटकती उसकी लाश मिली।
फालोअप...
संदीप की मौत से बड़गोड़ा में मातम
बहादुरपुर।
नगर थाना क्षेत्र के बलगोड़ा के संदीप की मौत से गांव में मातम का माहौल है। लोग उस घड़ी को कोस रहे हैं, जब रविवार को नगर बाजार से घर लौटते समय बेकाबू पिकअप ने बाइक में ठोकर मारी। घटना की खबर मिलते ही दिल्ली रहने वाले पिता श्रीराम घर को निकल पड़े।
संदीप की मां मैना, बेटी सुशीला, संदीप, पूजा, रेनू और अभिषेक घर रहते थे। बड़ी बेटी सुशीला की शादी हो चुकी है। दो भाइयों और तीन बहनों में संदीप दूसरे नंबर पर था। बड़ा होने की वजह से घर की देखभाल का जिम्मा उसी पर था। स्नातक की पढ़ाई पूरी करके वह रोजगार की तलाश में संघर्ष कर रहा था।