शौचालय के चेक में हुआ फर्जीवाड़ा
नाम किसी और का चेक पा गया कोई और
जांच कर होगी कार्रवाई- डीपीआरओ
अमर उजाला ब्यूरो
हर्रैया। सरकार के तमाम प्रयासों के बाद भी शौचालय निर्माण में गोलमाल कम नहीं हो रहा है। शौचालय न बनना, बिना निर्माण के पैसा निकाल लेना सहित कई दिक्कतों से आएदिन ग्रामीणों को जूझना पड़ रहा है।
कुछ ऐसा ही मामला हर्रैया ब्लॉक के खरथुआ गांव में सामने आया है। ग्राम पंचायत में लाभार्थी के शौचालय के चेक को गांव के ही एक युवक ने भुगतान कराकर पैसा डकार लिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत ब्लॉक के अधिकारियों से की है। ब्लॉक के अधिकारी मामले को दबाने में जुटे हैं। हर्रैया ब्लॉक के खरथुआ गांव के जितेंद्र कुमार का गांव की बेसलाइन सर्वे सूची में नाम था। जितेंद्र कुमार के मुताबिक सेक्रेट्री और ग्राम प्रधान की मिलीभगत से चेक गांव के अरुण नाम के युवक को काटकर दे दिया गया। अरुण ने बीते अगस्त माह में जितेंद्र कुमार को पूर्वांचल ग्रामीण बैंक हर्रैया आधार कार्ड लेकर बुलवाया और पैसा निकलवाकर लेकर चला गया। जितेंद्र कुमार ने अपने शौचालय का पैसा मांगने के लिए अरुण के घर गया काफी प्रयास के बाद भी जब उसे रकम नहीं मिली तो पीड़ित ने मामले की शिकायत बीडीओ और डीएम से की है। डीपीआरओ शिवशंकर सिंह ने कहा कि यह मामला गंभीर है। जांच कर कार्रवाई होगी।