भाजपा नेता पर हमले में 24 घंटे बाद भी केस दर्ज नहीं
हर्रैया पुलिस कर रही है तहरीर मिलने का इंतजार
शुक्रवार रात भाजपा नेता पर हुआ जानलेवा हमला
अमर उजाला ब्यूरो
हर्रैया। बसेवा पांडेय निवास निवासी बब्बन पांडेय पर जानलेवा हमले के 24 घंटे बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है। गोली लगने घायल बब्बन का लखनऊ में इलाज चल रहा है। हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
थाना क्षेत्र के बसेवा पांडेय गांव निवासी राम शंकर उर्फ बब्बन पांडेय को बदमाशों ने शुक्रवार रात करीब आठ बजे उस समय गोली मार दी थी जब वह बगल के करनपुर गांव के प्रधान राज दत्त शुक्ला के घर ब्रह्मभोज में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। फायरिंग में बब्बन के पेट में दो गोली लगी थी। लहूलुहान बब्बन को लेकर परिवार के लोग पहले अयोध्या और बाद में लखनऊ इलाज के लिए ले गए हैं। घटना में दो लोगों का नाम पीड़ित ने पुलिस को बताया है। इसमें पट्टीदार शिव कुमार व करमिया गांव के सपा नेता विजय प्रताप वर्मा की संलिप्तता सामने आई है। लोगों की मानें तो पंचायत चुनाव में हुआ विवाद व वर्चस्व घटना की मूल वजह है। घायल बब्बन भाजपा विधायक के करीबी बताया जा रहा है। घटना के 24 घंटे बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने पर एसओ कपिल मुनि सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही आगे की कार्रवाई भी। एसओ ने बताया कि घटना में शामिल दो लोगों के नाम पुलिस को मोबाइल पर घायल ने बताया है। आरोपियों के धरपकड़ के लिए अब तक पुलिस क्या कर रही है के सवाल पर सीओ राहुल पांडेय ने पहले तो कहा कि पुलिस प्रयास कर रही है मगर जब एसओ के तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात बताई तो कहा कि एसओ साहब ठीक कर रहे हैं।