फोरलेन पर मिले युवक की अस्पताल में मौत
बस्ती।
फोरलेन हाइवे पर हर्रैया थानाक्षेत्र के बड़हरकला के पास संदिग्ध हालत में युवक मिला। पुलिस की मदद से उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। युवक के सिर में गंभीर चोट है लेकिन शरीर के बाकी हिस्से में खरोंच भी नहीं लगी। डॉक्टर के अनुसार युवक की मौत कई घंटे पहले हुई। मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
छावनी थाना क्षेत्र के डुहवा निवासी रमेश पाठक (35) को हर्रैया थाने के बड़हर कला में नेवासा मिला था। जहां वह अक्सर रहते थे। बुधवार को दिन में वह घर से बड़हर के लिए निकले। शाम करीब चार बजे उन्हें कुछ लोगों ने सड़क के किनारे पड़ा देखकर 100 पर सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस पहुंची और उसे सीएचसी हर्रैया ले गई। पहुंचते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिवार के लोगों को सूचना दी गई है।
चार घंटे पहले की मौत संदिग्ध
सीएचसी के डॉक्टर का कहना है कि युवक की मौत चार-पांच घंटे पहले हो चुकी थी। लोगों में इस बात को लेकर हैरानगी जाहिर की जा रही है कि इतनी देर तक सड़क के किनारे पड़े रहने के बावजूद शव पर किसी की नजर नहीं पड़ी। संदेह का दूसरा बिंदु युवक के सिर्फ सिर में गंभीर चोट का निशान है। बाकी शरीर पर कहीं भी चोट नहीं है तो सिर्फ सिर में कैसे घाव लगा। यह भी संदिग्ध है। पुलिस इस बिंदु पर भी पूछताछ कर रही है।
हादसे में साइकिल सवार की मौत
हर्रैया। हाईवे पर बड़हर गांव के समीप हुए हादसे में साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एनएचआई की पेट्रोलिंग टीम की एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया। जहां युवक ने दम तोड़ दिया।
बड़हर कलां गांव निवासी रमेश पाठक 35 वर्ष पुत्र गंगाधर पाठक साइकिल से बाजार गए थे। सायं करीब साढ़े चार बजे घर लौटते समय विशेषरगंज को जाने वाली सड़क के सामने हाईवे पार करते समय बाइक सवार ने ठोकर मार दी। दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हाईवे की एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया। यहां मौत हो गई। युवक की मौत की खबर गांव में पहुंचते ही कोहराम मच गया। बदहवास परिजन सीएचसी पहुंच गए। रमेश का शव देखते ही परिजन दहाड़ें मार कर रोने लगे। पुलिस शव को थाने ले जाकर कानूनी कार्रवाई पूरी करने में जुट गई। बाइक को कब्जे में लेकर चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।