कस्बे के मुख्य चौराहे के पास टीनशेड की चार दुकानों में शुक्रवार भोर अज्ञात कारणों से आग लग गई। दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। लेकिन दुकानदारों को भारी क्षति हुई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज के गेट नंबर एक के बगल में टीन शेड के नीचे कई दुकानें हैं। शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनोद कैंपस में घूम रहे थे कि अचानक कुछ जलने की दुर्गंध आने लगी। गेट से बाहर आने पर बगल की दुकानों में लगी आग से सामान जलते देखा। डॉक्टर ने आसपास के लोगों को भी जगाया। आग बढ़ती देखकर दमकलकर्मियों को भी सूचना दी गई। लोग आग बुझाने का प्रयास करने लगे। बाद में पहुंची पुलिस, अग्निशमन बल ने आग पर काबू पाया। हादसे की सूचना दुकानदारों को दी गई। दुकानदार रामचरित्र यादव ने बताया कि मेडिकल स्टोर की सारी दवाइयां, बैंक पासबुक व अन्य कागजात समेत चार हजार रुपये नकद जल गए हैं। दूसरे बाइक दुकानदार निरंजन की दुकान में रखी दो ग्राहकों की बाइक जली मिलीं। इसके अलावा कलपुर्जे भी जल गए। बताया कि चार कुर्सी, मार्कशीट, तथा चार बैंकों के पास भी जले हैं। तीसरी दुकान मोहम्मद कलाम की है जो बिहार के हैं। यहां बाइक पंक्चर बनाते हैं। दुकान में ही परिवार के साथ रहते भी थे संयोग से वह परिवार के साथ दो दिन पहले ही कहीं गए हैं। सारा सामान अंदर रखे बॉक्स, खाने पीने के सारे सामान, बर्तन, बिस्तर, गाड़ी का टायर व अन्य सामान जल गया। चौथी दुकान मोनू की है जो फल बेचकर शाम को बचे फलों को रखते थे। उसका रखा सारा फल जल गया।