नगर बाजार। थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पुरैना गांव के निकट ट्रेलर में पीछे से पिकअप टकरा गई। हादसे में चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल है।
रायबरेली जिले के लालगंज से शनिवार को पिकअप पर मुर्गी लादकर चालक शाबिर अली निवासी सालपुर अमेठी नेपाल जा रहे थे। साथ में हेल्पर राजवीर तिवारी (30) निवासी बगही थाना बलदीराय जनपद सुल्तानपुर थे। अभी ये लोग हाइवे स्थित पुरैना गांव पहुंचे ही थे कि तेज गति होने से पिकअप अनियंत्रित हो गई। जो आगे चल रहे ट्रेलर में जाकर टकरा गई। दुर्घटना में गंभीर घायल चालक शाबिर अली की मौके पर ही मौत हो गई। खलासी राजवीर तिवारी को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष नगर राम अशीष यादव व फुटहिया चौकी प्रभारी अशोक कुमार वर्मा ने शव कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तेज रफ्तार के चलते पिकअप अनियंत्रित होकर ट्रेलर में पीछे से घुस गई। दुर्घटना के बाद मौके से ट्रेलर चालक वाहन लेकर भाग निकला।