डंपर में ला रहे थे शराब, पकड़ी गई
गिट्टी लदे डंपर में नीचे छिपाई गई थी शराब
हरियाणा से बिहार के लिए भेजी जा रही थी
अमर उजाला ब्यूरो।
हर्रैया। गिट्टी लदे डंपर में छिपाकर हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब को पुलिस ने पकड़ कर वाहन को सीज कर दिया है। पुलिस की घेरेबंदी देख चालक और अन्य लोग वाहन को तेजी से आगे ले जाकर महूघाट गांव के समीप छोड़कर भाग निकले।
रविवार को मुखबिर की सूचना पुलिस को मिली थी कि हरियाणा से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की खेप डंपर में लादकर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना पर हरकत में आई हर्रैया पुलिस ने दरोगा अमित सिंह, रमेश चंद और टीम के सिपाहियों के साथ बड़हर पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर दी। रविवार सुबह करीब चार बजे फैजाबाद की तरफ से आ रहे डंपर को रोकने का प्रयास किया। खुद को पुलिस से घिरा देख डंपर चालक व अन्य सड़क किनारे झाड़ियों में कूद कर भाग निकले। पुलिस डंपर थाने ले आई। तलाशी में गिट्टी के नीचे छिपा कर रखा करीब 137 गत्तों में अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ लिया। गिट्टयों के बीच से निकाले गए गत्तों की हुई गिनती में 4466 बोतल अंग्रेजी शराब तथा 120 केन बीयर बरामद हुई। पुलिस ने बरामद शराब व वाहन को सीज कर दिया। इस बाबत थानाध्यक्ष कपिलमुनि सिंह ने कहा कि जल्द ही इसमें शामिल लोग पुलिस की गिरफ्त में होंगे।