एंबुलेंस में लगी आग, गर्भवती की बची जान
ग्रामीणों ने आग बुझाने में की मदद
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में एक मरीज को अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में आग लग गई। एंबुलेंस से एक प्रसव पीड़िता को अस्पताल ले जाया जा रहा था। ग्रामीणों की सूझबूझ से आग पर काबू पाया गया और गर्भवती की जान बच गई।
थाना क्षेत्र के भाऊपुर गांव निवासी लियाकत अली की पत्नी तबसशुन निशा को प्रसव पीड़ा हुई। 108 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस बुलाई गई। एंबुलेंस तबसशुन को लेकर कुछ ही दूर पहुंची थी कि अचानक से उसके बोनट से आग की लपटें निकलने लगीं। चालक रिंकू और ईएमटी सुमित एंबुलेंस से कूद गए और मरीज को बाहर निकालकर गुहार लगाने लगे। इस पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए और आग बुझाने लगे। इस बीच पीड़िता को दूसरे साधन से अस्पताल भेजा गया।